भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने अपने टेस्ट डेब्यू मैच को यादगार बनाते हुए इतिहास रच दिया। अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में सुथार ने पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए 33 रन देकर 6 विकेट झटके और अपने करियर का पहला फाइव विकेट हॉल भी पूरा किया।
मैच के तीसरे दिन भारत की दमदार गेंदबाजी के सामने अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रन पर सिमट गई। इससे पहले भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की थी। इस तरह भारत को 412 रन की विशाल बढ़त हासिल हुई। बड़ी लीड के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन देने का फैसला किया और मेहमान टीम को दूसरी पारी खेलने के लिए मैदान पर उतरना पड़ा।
डेब्यू टेस्ट में ऐतिहासिक प्रदर्शन
मानव सुथार का प्रदर्शन भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास में दर्ज हो गया है। उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट मैच की पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए, जो किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
इस सूची में शीर्ष स्थान नरेंद्र हिरवानी के नाम है, जिन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में 61 रन देकर 8 विकेट लिए थे। वहीं, आबिद अली ने 1967 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 55 रन देकर 6 विकेट और दिलीप जोशी ने 1979 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 103 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे। सुथार ने बेहतर गेंदबाजी औसत के साथ इन दोनों दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।
मानव सुथार टेस्ट डेब्यू पर फाइव विकेट हॉल लेने वाले भारत के 10वें गेंदबाज बन गए हैं। साथ ही वह ऐसे सातवें भारतीय स्पिनर हैं जिन्होंने अपने पहले ही टेस्ट मैच में यह उपलब्धि हासिल की है।
भारतीय बल्लेबाजों का भी दमदार प्रदर्शन
भारत की विशाल पहली पारी में कप्तान शुभमन गिल ने 126 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनके अलावा केएल राहुल ने 100 रन बनाए, जबकि साई सुदर्शन, ऋषभ पंत और वाशिंगटन सुंदर ने अर्धशतक जड़े। इन पारियों की बदौलत भारत ने 564 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
रहमत शाह का संघर्ष बेकार
अफगानिस्तान की ओर से पहली पारी में केवल रहमत शाह ही भारतीय गेंदबाजों का सामना कर सके। उन्होंने 60 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। नतीजतन पूरी टीम 152 रन पर ढेर हो गई।
भारत की ओर से मानव सुथार ने सर्वाधिक 6 विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 और वाशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट अपने नाम किया।