क्या अभिषेक शर्मा के बल्ले में स्प्रिंग लगी थी? कीवी खिलाड़ी चकित, रिकी पोटिंग वाली यादें ताजा हुईं

गुवाहाटी टी20 मैच में भारतीय टीम की जीत के बाद न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने अभिषेक शर्मा का बल्ला चेक किया. इस मोमेंट ने 2003 के वर्ल्ड कप फाइनल की याद दिलाई थी. तब रिकी पोंटिंग की इनिंग्स के बाद ‘स्प्रिंग बैट’ को लेकर अफवाहें फैली थीं.

गुवाहाटी में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने ऐसी बल्लेबाजी की, जिसने कीवी खिलाड़ियों को चकित कर दिया. मैच के बाद का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर, ओपनर डेवॉन कॉन्वे और तेज गेंदबाज जैकब डफी शर्मा का बैट देखकर मुस्कुरा रहे थे. यह दृश्य 2003 के क्रिकेट विश्व कप फाइनल में रिकी पोंटिंग के ‘स्प्रिंग बैट’ अफवाहों की याद दिलाता है.

बता दें कि क्रिकेट वर्ल्ड कप 2003 के फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने भारत के खिलाफ नाबाद 140 रन बनाए थे. उस पारी के दौरान उन्होंने चार चौके और आठ छक्के जड़े थे. पोंटिंग की इस धुंआधार बल्लेबाजी ने करोड़ों भारतीय क्रिकेट फैन्स का सपना तोड़ दिया था. जोहानिसबर्ग में खेले गए उस मुकाबले को ऑस्ट्रेलिया ने 125 रनों से जीता था. पोटिंग की उस पारी को लेकर अफवाहें उड़ीं कि उनके बैट में कोई स्प्रिंग लगी हुई थी, जिसके कारण वो इतनी आसानी से बड़े शॉट्स मार पाए.

सोशल मीडिया के बिना भी यह अफवाह उस समय इतनी तेजी से फैल गई कि स्कूलों और गलियों में बच्चे भी इसे सच मान बैठते थे. अब न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने गुवाहाटी टी20 मैच के बाद जिस तरह अभिषेक शर्मा का बैट चेक किया, उसने जरूर 2003 विश्व कप फाइनल की याद दिला दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *