वैभव सूर्यवंशी की दमदार वापसी, 22 गेंदों में 44 रन ठोक जीता अश्विन और मांजरेकर का दिल

ट्राई नेशन ए सीरीज 2026 में निराशाजनक शुरुआत के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार अंदाज में फॉर्म में वापसी की है। इंडिया ए की ओर से अफगानिस्तान ए के खिलाफ दांबुला में खेले गए मुकाबले में 15 वर्षीय बल्लेबाज ने महज 22 गेंदों पर 44 रन की तेजतर्रार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके लगाए और टीम को तेज शुरुआत दिलाई।

वैभव की इस पारी की सबसे खास बात उनका बदला हुआ बल्लेबाजी अंदाज रहा। आमतौर पर लंबे छक्कों के लिए पहचाने जाने वाले युवा बल्लेबाज ने इस बार बिना कोई छक्का लगाए ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। उन्होंने शानदार टाइमिंग और क्लासिकल शॉट्स के दम पर रन बटोरे, जिसने क्रिकेट विशेषज्ञों को खासा प्रभावित किया।

अश्विन ने की जमकर तारीफ

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने वैभव की बल्लेबाजी की सराहना करते हुए कहा कि यह पारी केवल ताकत का प्रदर्शन नहीं थी, बल्कि इसमें बेहतरीन टाइमिंग भी देखने को मिली।

अश्विन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,”आउट! लेकिन 21 गेंदों पर 44 रन की पारी पूरी तरह मनोरंजक रही। कुछ बेहतरीन टाइमिंग वाले कवर ड्राइव देखने को मिले। हमने उसकी ताकत तो देखी है, लेकिन आज की पारी उससे बिल्कुल अलग थी। यह लड़का कमाल का खिलाड़ी है।”

मांजरेकर बोले- सिर्फ टी20 हिटर नहीं

पूर्व भारतीय बल्लेबाज और कमेंटेटर संजय मांजरेकर भी वैभव की बल्लेबाजी से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज की गेंद को टाइम करने की स्वाभाविक क्षमता उसे खास बनाती है।

मांजरेकर ने कहा,”इंडिया ए इस समय श्रीलंका में खेल रही है, जहां की पिचें आईपीएल जैसी फ्लैट नहीं हैं और यह टी20 क्रिकेट भी नहीं है। ऐसे हालात में वैभव सूर्यवंशी को बल्लेबाजी करते देखना रोमांचक है। वह सिर्फ टी20 का हिटर नहीं है, बल्कि वनडे क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन कर सकता है। वह एक बेहद खास प्रतिभा है।”

वैभव सूर्यवंशी की यह पारी न केवल उनकी फॉर्म में वापसी का संकेत है, बल्कि यह भी दिखाती है कि युवा बल्लेबाज परिस्थितियों के अनुसार अपने खेल में बदलाव करने की क्षमता रखता है। यही कारण है कि क्रिकेट जगत के दिग्गज उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *