मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़)। महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टेस्ट मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों के विशाल अंतर से हराकर इतिहास रच दिया। मैच तीसरे दिन के तीसरे सत्र में ही समाप्त हो गया। यह जीत पारी के हिसाब से टेस्ट क्रिकेट में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत साबित हुई।
इससे पहले भारतीय टीम ने अक्टूबर 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज के खिलाफ पारी और 272 रनों से जीत दर्ज की थी। अब अफगानिस्तान के खिलाफ मिली 300 रनों की जीत ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रनों पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर भारत को 412 रनों की बड़ी बढ़त मिली और अफगानिस्तान को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।
फॉलोऑन में भी अफगानिस्तान की बल्लेबाजी संघर्ष करती नजर आई। टीम की शुरुआत खराब रही और अब्दुल मलिक केवल 8 रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। इसके बाद अफगान बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे।
अफगानिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। वहीं रहमानुल्लाह गुरबाज ने 24 और रहमत शाह ने 13 रनों का योगदान दिया। हालांकि कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका और पूरी टीम 112 रनों पर ढेर हो गई।
भारतीय गेंदबाजों ने दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन किया। स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर ने चार विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव ने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। अफगानिस्तान के शराफुद्दीन चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी करने नहीं उतर सके।भारत की यह ऐतिहासिक जीत टेस्ट क्रिकेट में उसकी सबसे बड़ी पारी की जीत के रूप में दर्ज हो गई और टीम ने एक बार फिर अपने दबदबे का प्रदर्शन किया।