संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (CSE Prelims) एवं इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) प्रारंभिक परीक्षा 2026 में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों को अब अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार है। पिछले वर्षों के परीक्षा पैटर्न को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि आयोग 10 जून के आसपास प्रीलिम्स परीक्षा का रिजल्ट जारी कर सकता है।
यूपीएससी की ओर से परिणाम पीडीएफ फॉर्मेट में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। अभ्यर्थी अपने रोल नंबर के माध्यम से परिणाम की जांच कर सकेंगे। रिजल्ट जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों को सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (Mains Examination) के लिए पात्र माना जाएगा।
मेरिट लिस्ट में स्थान पाने वाले ही होंगे सफल
आयोग द्वारा जारी की जाने वाली पीडीएफ में सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबर शामिल होंगे। केवल वे उम्मीदवार ही मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई माने जाएंगे, जिनका नाम या रोल नंबर मेरिट सूची में दर्ज होगा। मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर केवल चयनित अभ्यर्थियों को ही मिलेगा।
ऐसे चेक कर सकेंगे UPSC Prelims Result 2026
रिजल्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार निम्नलिखित आसान चरणों के माध्यम से अपना परिणाम देख सकते हैं—
सबसे पहले यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
होम पेज पर उपलब्ध “What’s New” सेक्शन में रिजल्ट से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
क्लिक करते ही परिणाम की पीडीएफ स्क्रीन पर खुल जाएगी।
पीडीएफ डाउनलोड करें और उसमें अपना रोल नंबर सर्च कर परिणाम की जांच करें।
UPSC Mains Exam Pattern: जानें मुख्य परीक्षा का स्वरूप
यूपीएससी मुख्य परीक्षा में कुल 9 पेपर होते हैं। इनमें 7 पेपर अनिवार्य होते हैं और प्रत्येक पेपर 250 अंकों का होता है। इसके अतिरिक्त भारतीय भाषा और अंग्रेजी भाषा के दो क्वालिफाइंग पेपर होते हैं, जिनमें प्रत्येक का पूर्णांक 300 अंक निर्धारित है।
मुख्य परीक्षा की मेरिट सूची केवल 7 अनिवार्य पेपर्स में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाती है। हालांकि भाषा संबंधी दोनों पेपर्स के अंक मेरिट में नहीं जोड़े जाते, लेकिन इन विषयों में उत्तीर्ण होना सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य है।
UPSC प्रीलिम्स परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुट जाना चाहिए, क्योंकि यह परीक्षा सिविल सेवा चयन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है।